शुक्रवार, 11 दिसंबर 2015

रंजू भाटिया की कलम से 'कांच के शामियाने ' का अवलोकन

रंजू भाटिया हिंदी ब्लॉग जगत में 2006 से ही सक्रिय हैं . मुझसे बहुत सीनियर :) 
'कुछ मेरी  कलम से ' उनका ब्लॉग है. वे एक संवेदनशील कवियत्री हैं . उनकी  कवितायें  पत्र-पत्रिकाओं  में प्रकाशित  होती रहती हैं और बहुत सराही  जाती हैं . पाक कला में भी बहुत निपुण हैं .कई स्वादिष्ट रेसिपी भी पत्रिकओं के माध्यम से शेयर  करती रहती हैं...अपने बारे में कहती हैं .... 
मेरे बारे में मैं क्या लिखूं ?
ज़िन्दगी के बारे में लिखती बस मेरी कलम ,खाना बनाना ,खाना और घूमना कविता करते हुए शौक बाकी बोलेंगे मेरे लिखे हुए लफ़ज़ और आप जो कुछ पढ़ेंगे और फिर कहेंगे:)
ज़िन्दगी का सार सिर्फ इतना
कुछ खट्टी कुछ कडवी सी
यादों का जहन में डोलना
और फिर उन्ही यादों से
हर सांस की गिरह में उलझ कर

वजह सिर्फ जीने की ढूँढना !!
उनका बहुत शुक्रिया ,समय निकाल कर इस उपन्यास को इतनी बारीकी से पढ़ा और समीक्षा की .
पुनः आभार :)
                               कांच के शामियाने 

" उन सभी के नाम ,जिनकी बातें अनसुनी ,अनदेखी और अनकही  रह गयी "कांच  के शामियाने " का पहला पन्ना और पढ़ने के बाद  लगा कि किसी  के लफ़्ज़ों ने तो उन दिलों की बात कह ही दी जो शायद कभी कह ही न सके ,मैं ,वो या कोई  भी अन्य स्त्री ,आज जिस समाज में हम रहते हैं और जहाँ स्त्री स्वंत्रता का  दावा किया जाता है ,वहां बहुत बदलाव होते हुए भी ,इस लिखे उपन्यास सा सच मौजूद है , आज औरत घर ,बाहर सब तरफ  की जिम्मेदारी बखूबी संभाल रही है ,पर हमारे समाज में पुरुष मन से उस बात को नहीं निकाल पा रही है कि वही सर्वेसर्वा है हर बात का चाहे औरत कितनी भी काबिल क्यों न  हो। ...

"कांच  के शामियाने" उपन्यास एक डायरी के पन्नो सा है जिसमे वक़्त  की चाल पर  जया का चरित्र आज भी शहर ,कस्बे ,गांव में बसी औरतों  के दर्द को ब्यान करता है ,जो समाज को प्रगतिशील होने का दावा करते हुए आईना दिखाती हैं ,पिता की लाड़ली बेटी माँ से अधिक समाज के लिए चिंता का विषय बन जाती है और फिर माँ बुढ़ापे और जिम्मेवारी की दुहाई दे कर बेटी की न नुकर  नहीं सुनती और शादी के लिए जोर देती रहती है ,अब यदि आज के वक़्त जिस में शहर के हालात या लड़कियों की शिक्षा के संदर्भ में देखा जाए तो यह सम्भव नहीं लगेगा जोर जबरदस्ती वाला मामला पर यह भी सच है कि उचित लड़का मिलते ही लड़की ब्याहने और जैसा भी है वही बसने को कहा जाता है अधिकतर ,हाँ कुछ केसेस अपवाद हो सकते हैं।  जया भी पढ़ लिख कर माँ की सेवा करना चाहती है ,शादी की सोच उसके मन  में नहीं पर पड़ोस के राजीव की माँ  जब अपने बेटे के लिए उसका रिश्ता ले के आती है तो जया की माँ को जैसे घर बैठे चिंता से मुक्ति मिलती लगती है ,भाई बहन के लिए अफसर लड़का हर तरह से योग्य नजर आता है और जया की आवाज़ इन सब में खो जाती है ,लड़के वालों की  दहेज़ की मांगे भी तब जया के घर वालों की आँखों के आगे पर्दा डाल देती हैं ,और कोई माने या माने आज प्रगति का दावा होते हुए भी यही सच्चाई है। लड़की की आवाज़ आज भी क्यों दबा दी जाती है ?शादी उसकी है ,जीवन उसका है पर समाज परिवार उसका फैसला करते हैं ,क्यों ?शादी के बाद इतनी प्रताड़ना ,इतनी कठोरता ,क्रूरता ,सब जानते हुए भी लड़की को वहीँ रहने के लिए मजबूर करना पढ़ते हुए एक क्रोध भर देता है। राजीव जैसा बुना हुआ चरित्र जो कहीं अपने ही किसी कपम्प्लेक्स का शिकार है ,आज भी हमें आस पास ही दिखता है। "बेटी तो धरती होती है और धरती की तरह सब सहती है "माँ के जया को समझाते कथन दिल में बेबसी  से    अधिक झंझोर देते है ,पढ़ते हुए दिल करता है कि उस माँ को कहूँ की बेटी की पीड़ा  को समझो उसको सहने की उस हद तक न ले जाओ कि वह खुद के अस्तित्व को ही मिटा दे ,इसी हालात  से गुजरते हुए तीन बच्चे उसके जीवन में एक उम्मीद की किरण लाते हैं ,और वही उसको उस नरक और मानसिक बीमार पति से छुटकारा दिलवाने का साहस बनते हैं।  

उपन्यास जब शुरू किया बहुत जगह  पढ़ते हुए गुस्सा भी आया कि आखिर इतनी बेबसी क्यों बुनी रश्मि ने अपने लफ़्ज़ों में ,पर कुछ सत्य हर किसी की ज़िन्दगी के कहीं  न कहीं करीब होते हैं ,सो  खत्म  किये बिना आप इसको रख नहीं सकते ,यही "रश्मि रविजा "द्वारा लिखे इस उपन्यास की उपलब्धि है। पूरे उपन्यास में हर चरित्र के साथ साथ वहां लिखे गए माहौल को भी मैंने शब्दों के साथ साथ महसूस किया , रहन सहन ,खाना पीना ,जया का रोना ,सहन करना ,रूद्र जया के पहले बच्चे की ख़ुशी और राजीव की असहनीय गाली ,मार ने अपने साथ साथ चलाये रखा ,कहीं कहीं किसी पुराने उपन्यास जैसे पढ़ने का भी एहसास हुआ।

रश्मि रविजा के शब्दों के जादू से ब्लॉग की दुनिया से परिचित हूँ ,इसी जादू ने अपनी मोहकता यहाँ भी बनाये रखी ,बस कुछ जगह लगा कि कुछ चरित्र जैसे माँ ,सास एक औरत होते हुए भी उस दर्द को क्यों नहीं महसूस करवाये रश्मि ने ,चाहे आखिर में जया की माँ ने उसका साथ पूरा निभाया ,पर लगता है कि माहौल को बदलने के लिए अब इस तरह के चरित्र गढ़ने होंगे ,जहाँ सहन करना सम्भव नहीं वहां परिवार उस मुकाम पर आ के साथ न दे जब सहनशीलता खत्म होने के कगार पर हो ,वही से साथ दे जहाँ से शुरू में लगे कि यह अन्याय है ,राजीव जैसे चरित्र  के लोग असहनीय है और इसको नहीं सहना है। यह उपन्यास था जहाँ अंत सुखान्त हुआ पर असल में हर बार यही हकीकत नहीं होती।कहीं कहीं बार बार शब्दों का दुहराव भी है जो थोड़ा सा बोझिल लगता है। पर फिर अपनी रफ़्तार पकड़ लेता है।  

"कांच  के शामियाने " में इस शामियाने शब्द का अर्थ सार्थक हुआ घर तो कभी बना ही नहीं ,एक शामियाना  ही बन सका बस जो बना और बिखर गया ,रोचक उपन्यास है आपने अब तक नहीं पढ़ा तो जरूर पढ़े। रश्मि को मेरी तरफ से इस सफल उपन्यास की बहुत बहुत बधाई। अगले का इंतज़ार शुरू :)

बुधवार, 9 दिसंबर 2015

सरसों से अमलतास के बहाने सूर्यबाला जी से एक मुलाक़ात

एक प्रोग्राम में 'Chitra Desai पास बैठी थीं, बात चीत हुई...हम साथ ही बाहर निकले .अन्य मित्रों के साथ एक टपरी पर चाय पी .चित्रा जी का घर मेरे घर के रास्ते में ही था तो उन्हें ड्राप करने का प्रस्ताव रखा ,चित्रा जी ने आगे का रास्ता समझाया ,फिर थोड़ी देर बाद मुझे मैसेज किया कि 'सुरक्षित घर पहुँच गई ना'...ड्राइव करते समय मैसेज नहीं देख पाई तो फिर उन्होंने कॉल ही किया .इतनी देर में ही इतनी आत्मीयता पनप आई थी .उनसे काफी बातें हुई थीं ,कई बार पति और बच्चों का जिक्र भी आया . फेसबुक का जिक्र तो आना ही था:) जब घर आकर उनका प्रोफाइल देखा तो पता चला, वे तो प्रख्यात अभिनेता 'अनंग देसाई' की पत्नी हैं, जिन्हें हम जमाने से फिल्मों और टी वी सीरियल में देखते आ रहे हैं . किसी अभिनेता से दूर दराज का रिश्ता हो तब भी लोग शो ऑफ करने से नहीं चूकते . चित्रा जी की ये सादगी छू गई .
जब उन्होंने अपने प्रथम कविता संग्रह ,'सरसों से अमलतास ' के लोकार्पण समारोह में बुलाया तो जाना ही था . चित्रा जी और अनंग जी के मित्रों से पूरा हॉल भरा हुआ था .फिल्मों और टी वी के भी कई कलाकार थे . पर विशेष आकर्षण 'सूर्यबाला जी ,सुधा अरोड़ा जी और राम जेठमलानी जी थे .चित्रा जी वकील हैं और राम जेठमलानी उनके वरिष्ठ सहयोगी और घनिष्ठ मित्र भी हैं .
कार्यक्रम की शुरुआत में सीमा भार्गव की नाट्य मंडली ने चित्रा जी की कविताओं को स्टेज पर जीवंत कर दिया . बचपन में उनके मन में घुमड़ते भावों, बदलते परिवेश , जीवन में आते परिवर्तन , कभी सुख..कभी परेशानी सबका सामना करते हुए सृजनरत रहना और उनसे नए अनुभव लेकर और निखर जाना सब सजीव हो उठा.
पुस्तक का लोकार्पण करते हुए ,'राम जेठमलानी' जी ने ईमानदारी से स्वीकारा कि वे हिंदी भाषा नहीं पढ़ पाते और सही रूप से बोल भी नहीं पाते ,उनके परिवार में अब तक कोई कवि नहीं हुआ है फिर भी चित्रा जी के स्नेह से उन्होंने ये आमन्त्रण स्वीकार किया है. उन्होंने कहा, "धर्मान्धता विश्व के उपर एक संकट के रूप छाया हुआ है . मैंने हिन्दू, मुस्लिम, क्रिश्चन , बुद्धिज्म हर धर्म के ग्रन्थ पढ़े हैं .कोई भी धर्म नफरत नहीं सिखाता , पर अतिवादी अपनी तरह से धर्म की व्याख्या कर लेते हैं . सिर्फ प्यार ही विश्व को बचा सकता है, इसलिए प्यार की कवितायें लिखनी चाहियें." उन्होंने चित्रा जी से आग्रह भी किया कि अगले कविता संग्रह में हर कविता सिर्फ प्यार पर हो " 93 वर्ष में उनकी आवाज़ का जोश और कथ्य की गंभीरता पर उम्र की छाया भी नहीं दिखती .
मुंबई विश्वविद्यालय की अंग्रेजी की प्राध्यापिका ,भाग्यश्री वर्मा ने चित्रा जी की कविताओं पर अपने विचार रखे और एक कविता का अंग्रेजी अनुवाद भी प्रस्तुत किया.
'सुधा अरोड़ा' जी ने कहा, 'किसी महिला की किताब प्रकाशित होती है तो मुझे बहुत ख़ुशी होती है क्यूंकि महिलायें कई जिम्मेदारियों का वहन करते हुए लिखती है . कुछ महिलाएं देर से लिखना शुरू करती हैं ,पर उसके पहले वे नौकरी ,घर -गृहस्थी, बच्चों की जरूरते पूरी करते हुए कविता को जी रही होती हैं ."
'सूर्यबाला जी' ने चित्रा जी की कविताओं पर विस्तार से बात की और कहा उनकी कवितायें विद्रोह की कवितायें नहीं हैं .वे पंख फैला आकाश भी नाप लेना चाहती हैं और नीड़ भी बनाए रखना चाहती हैं.जैसे आंगन में नीम के पेड़ पर डला झूला हो जिसपर बैठ पेंग मार क्षितिज छू लेने का अहसास हो और फिर वापस आंगन में सुरक्षित आ जाएँ .अपनी बिब्बी (चित्रा जी की माँ और नानी ) को समर्पित कविता का ख़ास जिक्र किया ,जिसमे स्त्री जीवन की त्रासदी का जिक्र है , शादी के बाद .बस के ऊपर रखे सन्दूक में कई साल की फसलें कैद हो लड़की के साथ चली जाती हैं, कुछ दिनों बाद ससुराल वालों की मांग पर कुछ और फसलें कैद हो चली जाती हैं. पर फिर लड़की भरीपूरी लौटती है और उनकी मांग पूरी करने से इनकार कर देती है ,अब उसके पास उसकी बेटी है, जिसे वो पूरा आकाश देती है . सूर्यबाला जी ने इस बात पर जोर दिया , स्वतंत्रता अर्जित की जाती है ,उसकी मांग नहीं की जाती ...और यह सब चित्रा जी की कविताओं में है .चित्राजी यह सब सुनते भावुक हो उठीं .
राजकमल के प्रकाशक 'अशोक माहेश्वरी जी और नवनीत के सम्पादक, 'विश्ववनाथ सचदेव जी ने कहा, चित्रा जी की एक कविता पढने के बाद ,और पढने की इच्छा जाग उठती है और लगातार कई कवितायें पढ़ ली जाती हैं. कविताओं में मन के हर मौसम नजर आते हैं .
चित्रा जी ने सबका आभार प्रकट करते हुए ,सबके मन में उठते प्रश्नों का उत्तर भी दिया कि ,'कविता संग्रह के लोकार्पण में उन्होंने राम जेठमलानी जी को क्यूँ आमंत्रित किया . तीन साल पहले विश्व शान्ति के उद्देश्य से किये गए एक सम्मेलन में जिसमे पाकिस्तान के वकील भी आमंत्रित थे , जेठमलानी जी ने 'चित्रा जी से अनुरोध किया था कि वे मंच से एक कविता पढ़ें . इस कविता पाठ ने चित्रा जी को बहुत आत्मविश्वास दिया , उनमें उत्साह जगाया .वे कविताओं की दुनिया में फिर से लौटीं और उनमें अपना संकलन प्रकाशित करवाने की इच्छा जागी .इन सबका श्रेय जेठमलानी जी को है .
मंच का संचालन 'अनंग देसाई' जी ने किया पर वे पूरे समय परिप्रेक्ष्य में बने रहे . ये चित्रा जी का कार्यक्रम था और उहोने उन्हें उत्सव मूर्ति बने रहने दिया . वे सिर्फ वक्ताओं को आमंत्रित करते और फिर श्रोताओं के बीच जाकर बैठ जाते . चित्रा जी ने अपनी एक कविता में दाम्पत्य जीवन के सामंजस्य पर बहुत सुंदर लिखा है
जब तुम सिमट गए
तो हमने आकाश फैला दिया
जब हम बौने हुए तुमने अपना कद बढ़ा लिया

चित्रा जी को एक सफल समारोह की बधाई एवं इस पुस्तक की अनेक शुभकामनाएं ,
मेरे लिए भी यह कार्यक्रम ख़ास रहा . सूर्यबाला जी से मुलाक़ात हो सकी .धर्मयुग में जिनकी कहानियाँ पढ़ते हुए ही कहानी में रूचि जागी और बाद में लिखना भी शुरू किया . उनके लिखे संस्मरण कहानियाँ.सब, अब तक याद हैं . अपनी किताब उन्हें देना ,मेरे लिए सौभाग्य की बात थी . मैंने हॉल में अँधेरे में ही अंदाज़े से उसपर कुछ लिखा ,डर था ,ऐसा ना हो कार्यक्रम खत्म होते ही वे चली जाएँ ..( कार्यक्रम शुरू होने के पहले सूर्यबाला जी से बातें हुई थीं.पर तुरंत ही अपनी किताब देना अच्छा नहीं लगा था ) पर इतनी बड़ी लेखिका होते हुए भी , सूर्यबाला जी, सुधा अरोड़ा दी में इतनी सहजता है कि उनके समक्ष मन नतमस्तक हो जाता है,.मैंने बाद में एक तस्वीर खिचवाने की भी इच्छा जाहिर की . उनलोगों ने खुद कहा, 'यहाँ अन्धेरा है ,तस्वीर अच्छी नहीं आएगी...इधर आ जाओ " और फिर दो तीन जगह बदलकर जहाँ अच्छी रौशनी थी ,वहां खड़ी हुईं . मुझे जोर देकर बीच में खड़े होने के लिए कहा .सूर्यबाला जी को आभास है कि अपनी किताब से किसी को कितना प्यार होता है .उन्होंने 'कांच के शामियाने' बिलकुल सामने कर लिया . बाद में मैंने तस्वीर देखी तो गौर किया smile emoticon . कितना कुछ सीखा जा सकता है ,इन महान लेखिकाओं से ..सादर नमन उन्हें .


मंगलवार, 8 दिसंबर 2015

हर चौथे घर की कहानी : रश्मि तारिका का अवलोकन

एक लंबे इंतज़ार के बाद रश्मि रविजा जी का उपन्यास "काँच के शामियाने " मिला।सच पूछो तो अक्सर उनके स्टेटस उनकी पोस्ट्स फेसबुक पर पढ़ती रहती हूँ।मुम्बई जाकर भी मिलना मयस्सर नहीं हुआ।अब अगर जाना होगा तो इंशाअल्लाह ज़रूर मिलूँगी।
काँच के शामियाने पढ़ने की लालसा व्यस्त होने के बावज़ूद भी लगी रही।कल पढ़ना आरम्भ किया तो अनवरत पढ़ती गई। उपन्यास की नायिका जया की मासूमियत अंत तक बांधे रखती है ।यही मासूमियत एक अनोखा मोड़ लेती है जब अपनी बेटी की लिखी पंक्तियाँ पढ़ती है कि "मैं जीना चाहती हूँ ..मैं दुनिया देखना चाहती हूँ।" अपने बच्चों के लिए जया का राजीव से अलग हो जाना जब कि उसके अपने मायके वाले भी उसके साथ नहीं थे। शारीरिक व् मानसिक प्रताड़ना कोई भी नारी एक हद्द तक ही झेल सकती है।जया ने अपने पहले बच्चे के लिए हर अत्यचार सहा।पर अपने विश्वास और हिम्मत के बलबूते पर बच्चे की रक्षा कर पाई।अहंकारी पति का घर छोड़ने के बाद भी पति द्वारा हर कदम पर मुश्किलों के जाल बिछाने ,ऑफिस ,बैंक और कोर्ट में मर्दों की फितरत और उनकी वाहियात नज़रों से बचती हुई जया अपने अस्तित्व को बचाए रखने में कामयाब हो गई।
बेशक यह हर चौथे घर की कहानी हो ,बेशक हर नारी की व्यथा हो ,बेशक किसी माँ की हिम्मत की दास्तां हो लेकिन "काँच के शामियाने "की नायिका " जया "की हिम्मत की दाद देनी पड़ेगी ।अगर दस लड़कियों में से एक भी "जया"बन जाए तो आने वाली पीढ़ी की चार "जया" पहले ही खड़ी हो जाएँगी ....अत्याचारों के खिलाफ अपनी जंग लड़ने के लिए।तब शायद कोई राजीव जैसा अहंकारी और स्वार्थी व्यक्ति किसी भी जया से उलझने की हिम्मत नहीं कर पाएगा।
"मेरे लिए काँच के शामियाने नारी के सम्मान और हिम्मत और सहनशीलता की शक्ति का स्वरुप है ।"
रश्मि रविजा सखी , उपन्यास की भाषा शैली जितनी सुन्दर है उससे अधिक उसके अध्याय अपने सुन्दर शीर्षक के साथ प्रभावित करते हैं ।मेरी दुआ है तुम आगे भी ऐसे ही और उपन्यास लिखती रहो।हम पढ़ते रहें । आमीन !!

गुरुवार, 3 दिसंबर 2015

निवेदिता श्रीवास्तव के झरोखे से 'कांच के शामियाने '

निवेदिता श्रीवास्तव एक बहुत ही संवेदनशील  पाठिका हैं . पुस्तकों से उन्हें बेइंतहा प्यार है .अच्छी खासी संख्या में किताबें जुटा अपने घर में एक उत्कृष्ट लाइब्रेरी भी बना रखी है  .अपने ब्लॉग 'झरोखा' पर  प्यारी कवितायें लिखती हैं . फेसबुक पर अक्सर गहन सोच वाले  अर्थपूर्ण कोट  भी शेयर करती हैं . दो प्यारे  बेटों का  लालन पालन  कर उन्हें ऊँची शिक्षा दिला , देश का एक अच्छा  नागरिक  बनाने में उनकी महत्वपूर्ण  भूमिका रही है . दोनों बेटे IIT से पास आउट कर अब ऊँची नौकरियों में हैं . बड़े बेटे ने XLRI से मैनेजमेंट भी किया है . अब वे अपना अधिकाँश  समय साहित्य के रसास्वादन में गुजारती  हैं.
एक बार उन्होंने जब फेसबुक पर पुस्तक मेला से खरीदी कुछ किताबों  की तस्वीर शेयर की थी तो मैंने लिख दिया था ,इन किताबों के विषय में भी लिखा करो . मुझे  नहीं  पता था कि ये मेरा सौभाग्य होगा कि शुरुआत वो मेरी किताब से ही करेंगी :)

रश्मि रविजा के उपन्यास "काँच के शामियाने" को कई बार पढ़ गयी ....... पहली बार के पढ़ने में ही रेशमी धागों की छुवन का एहसास जाग गया था .......... . एक ऐसे रेशमी छुवन का एहसास जो अपने रचनात्मक प्रवीणता से सहज ही गतिमान रखता है ,फिसलाता सा … पर उस के छोर पर एक नामालूम सी गाँठ लगी है ,जो मन को भटकने नहीं देती और कथानक के प्रवाह को एक सतत गति भी देती है ....
रश्मि ने स्त्री मन के हर पहलू को बड़ी ही नफ़ासत से रचा है ……… "जया" में अधिकतर स्त्रियों के मन के तार बज उठते हैं .... न्यूनाधिक रूप से सब में वो समाहित है … किशोर मन सारे शोख रंग अपने दामन में संजोना चाहता है ,पर सच का दूसरा रूप सामने आने पर कदम लड़खड़ा तो जाते हैं पर जीवन की जिजीवषा विजयी होती है ....
हर चरित्र अपने अनूठे मनोविज्ञान से आकर्षित भी करता है और प्रश्न भी करता है ...…. राजीव एक खोखले अहं के साथ जीवन जीता है तो जया तराजू के पलड़ों को साधती धुरी सा .... पढ़ते हुए जब मन एक अंधियारे खोह सा लगने लगता है तभी संजीव एक प्राण - वायु के झोंके सा मन झंकृत कर जाता है …
भाषा की बात करूँ तो थोडे से आंचलिक शब्द भी हैं ,पर वो कथन की गति के प्रवाह में सहज ही लगते हैं .... कई वाक्य तो एकदम से सूत्र वाक्य से लगते हैं ,जो अपनेआप में सम्पूर्ण हैं ....
१ - क्यारी में आँसुओं से सींचे ,दृढ़ निश्चय का खाद पाकर खिले ये तीन फूल ( बच्चों के लिए लिखा है )
२ - वो दोनों दो अलग - अलग ध्रुव की तरह हैं
३ - बच्चे तो गीली मिटटी समान होते हैं
४ - अधिकार तो किसी घर पर नहीं होता । बस शामियाने से तान दिए जाते हैं सर पर । वो भी काँच के शामियाने जो ज़िंदगी की धूप को संग्रहित कर और भी मन प्राण दग्ध कर जाते हैं ।
रश्मि के लेखकीय कौशल की मैं पहले ही बहुत सराहना करती थी ,पर अब इस उपन्यास को बार - बार पढ़ते हुए उसकी लेखनी का अभिनंदन करना चाहती हूँ …
रश्मि ने कुछ समय पहले एक बार मझे ये सुझाव भी दिया था कि किताबें पढ़ने के बाद ये लिखूं कि वो मुझ को कैसी लगी ,तो रश्मि ये काम तुम्हारे उपन्यास के साथ ही पहली बार करने का प्रयास किया है … अब मेरा ये प्रयास तुमको कैसा लगा ये तो तुम ही बेहतर बताओगी .... निवेदिता

शुक्रवार, 6 नवंबर 2015

'बस यूँ ही' (ब्लॉग ) अमित जी ने 'कांच के शामियाने ' पढ़कर कुछ लिख भी दिया

मुझे अपने उपन्यास 'काँच के शामियाने ' को लेकर कुछ शंकाएं थीं कि शायद पुरुषों और युवा लड़कों को यह उतना पसन्द नहीं आएगा ।जब  कोई इनबॉक्स में सूचित करता था कि उसे उपन्यास मिल गया है तो मैं कह भी देती थी कि ये एक स्त्री विषयक उपन्यास है ...पता नहीं आपको कितना पसन्द आएगा । 
पर काफी लड़कों ने मैसेज किया कि वे एक बैठक में ही पढ़ गए और उन्हें किताब पसंद आई .
 Amit Kumar Srivastava जी ने भी जब फेसबुक वॉल  पर लिखा कि उन्होंने 'कांच  के शामियाने ' बुक  कर दी है  तो मुझे थोडा आश्चर्य हुआ .फिर ये भी सोचा,...'मंगवा तो ली है पर महीनों लगायेंगे पढने में . पर उन्होंने दो तीन दिनों में ही खत्म कर दी और  उपन्यास के विषय में इतना  सारगर्भित लिख कर एक सरप्राईज़ भी दे दिया . शुक्रिया अमित जी .
अपने ब्लॉग "बस यूँ ही ....अमित " पर उन्होंने काफी उत्कृष्ट कवितायें , संस्मरण ,आलेख लिखे हैं..आजकल 'खिडकियों' पर शोध जारी है .
                "काँच  के  शामियाने "


कांच दो तरह के होते है । एक साधारण सा , जो चोट लगने पर टूट कर बिखर जाता है और संपर्क में आने वाले व्यक्ति को रक्त रंजित भी कर डालता है , दूसरा कांच जो गाड़ियों के विंड स्क्रीन पर लगा होता है जो दो परतों को चिपका कर बनाया जाता हैं । इसके बीच चिपकने वाला पदार्थ भरा होता है ,जो कांच के टूटने की स्थिति में उस को बिखरने नहीं देता और न ही संपर्क में आने वाले को चोट पहुँचती है । 

"कांच के शामियाने" में जिस कांच का इस्तेमाल हुआ है वह दूसरे प्रकार का है जो टूटने पर भी सारे टुकड़ों को अपने में समेटे हुए है और इसे बिखरने से रोकने में भूमिका बच्चों की हैं जो दोनों कांच के बीच ग्लू सरीखे टिके हुए हैं ।
वैवाहिक जीवन सरल और सफल होने के लिए सौंदर्य अथवा सम्पन्नता महत्वपूर्ण नहीं होते , यद्दपि प्रतीत ऐसा होता तो है । अगर ऐसा होता तो डायना के सौंदर्य और प्रिंस चार्ल्स के वैभव के मध्य भी सामंजस्य स्थापित हो गया होता ।
दरअसल सारा सार अपेक्षाओं और उपेक्षाओं के बीच उपजे भावनाओं का ही है और कुछ नहीं ।
इन्ही उपेक्षाओं और अपेक्षाओं के बीच द्वन्द की कहानी जीवंत की है बेहद रोचक और वास्तविक अंदाज़ में Rashmi जी ने ।
इस उपन्यास को पढ़ना प्रारम्भ करते ही एक चलचित्र सा तैरने लगता है आँखों के सामने जिसे फिर छोड़ने का मन नहीं करता ।
कहानी बिहार की पृष्ठभूमि में जरूर लिखी गई है पर प्रासंगिक पूरे पुरुष जगत के लिए है ।
बस एक शिकायत है लेखिका से कि कहानी में एक पात्र अमित नाम का भी है जिसे दुष्ट दर्शाया गया है बस पढ़ते समय उसी चरित्र को पचाना थोडा मुश्किल लगा ।
यह समीक्षा कतई नहीं है । लेखिका के हुनर के समक्ष मेरा कुछ भी लिखना गौण है । बस अच्छा लगा इसे पढ़ कर और भीतर ही भीतर कुछ कचोट भी हुई न जाने क्यों । बस इसीलिए इतना सा लिख दिया ।


इन लिंक्स पर यह उपलब्ध है 

सोमवार, 2 नवंबर 2015

सारिका सक्सेना ('अनकही बातें' ब्लॉग ) की नजर में 'काँच के शामियाने '

मैंने यूँ ही नहीं कहा कि अपनी कहानी को पुस्तक के रूप में देखने का सपना ब्लॉग पाठकों ने ही बोया था ।Sarika Saxena मेरे ब्लॉग की शुरूआती पाठकों में से हैं ।मेरे ब्लॉग की पहली फॉलोवर ।फिर वो खूबसूरत कलाकृतियाँ बनाने में व्यस्त हो गई ।मेरा ब्लॉग पर लिखना छूट गया और राब्ता भी कम हो गया ।मुझे पता भी नहीं था उसने किताब मंगवाई है ।कल पढ़ कर मुझे ये मैसेज किया Got my copy of kanch ke shamiyane today....finished it in just one sitting....can't tell u how many times i cried....will write the detailed review later....i can tell you just one thing now...आप कलम की जादूगर हैं.....just keep writing....congratulations once again...
और आज ब्लॉग पर ये पोस्ट लिखी है ।
मेरी तो आँखें नम हो गईं smile emoticon
"आज बहुत दिनो बाद इस ब्लाग पर कुछ लिखने बैठे हैं, असल में ये रश्मि दी से और अपने आप से किया वादा था की उनकी लिखी किताब पर हम प्रतिक्रिया ज़रूर लिखेंगे, तो बस आज वक्त निकालकर लिखने बैठ ही गये है| रश्मि दी ने जब अपने ब्लाग "मन का पाख़ी" पर अपनी कहानियाँ लिखना शुरू किया था तो हम उनके पहले पाठकों में से थे, बड़े अधिकार से और कभी ज़िद करके उनसे और कहानियाँ लिखने की गुज़ारिश करते थे| उनसे अपनी किताब प्रकाशित करवाने का आग्रह भी करते थे| और आज जब ये उपन्यास "काँच के .शामियाने" हमारे हाथ में है तो ये थोड़ी बहुत अपनी भी उपलब्धि लग रही है| यूँ इस आभासी जगत में ज़्यादा लोगों से मित्रता नहीं है हमारी पर रश्मि दी से कभी ज़्यादा बातें न करके भी एक प्यारा सा रिश्ता है जो हमें उनसे जोड़े रखता है, और आज अपनी दी की किताब प्रकाशित हुई देख कर हमारा गर्वित होना तो बनता है| रश्मि दी के इस पहले उपन्यास के प्रकाशन पर हार्दिक बधाई! हमारी दुआ है की ऐसी ढेरों किताबे हमें आने वाले समय में पढ़ने को मिलें| आप यूँ ही लिखती रहें और आपकी कलम का जादू यूँ ही चलता रहे|
तो अब आते हैं इस उपन्यास पर| इस उपन्यास का शीर्षक हमें बहुत ही उपयुक्त लगा| शामियाना चाहें कपड़े का हो या काँच का कभी स्थायी नहीं होता| लड़की के जीवन की ही तरह जो बाबुल के घर कहे जाने वाले एक शामियाने से निकलकर एक दूसरे शामियाने, जिसे पति का घर कहा जाता है, में जाती है साथी साथ निभाने वाला मिल जाए तो ये शामियाना एक पक्का स्थायी घर बन जाता है नहीं तो बन जाता है काँच का शामियाना जो ज़िंदगी की धूप को संग्रहित कर और भी मन प्राण दग्ध कर जाता है|
इस उपन्यास का समर्पण भी हमें बहुत ही सुंदर, सटीक और सारगर्भित लगा| यूँ ज़्यादातर लेखक अपनी पुस्तक के समर्पण में दुनियाभर के लोगों के नाम लिख देते है, जो कतई आकर्षित नहीं करता| पर इस उपन्यास का तीन पंक्तियों का समर्पण बहुत ही प्रभावशाली है |:-
उन सभी के नाम ,जिनकी बातें अनसुनी,अनदेखी और अनजानी रह गयीं|
उपन्यास में अध्याय के शीर्षक बहुत ही रचनात्मक और अपने आप में कुछ कहानी सी कहते लगते हैं| हर अध्याय के साथ नायिका जया का बदलता स्वरूप सामने आता है| शादी से पहले एक सामान्य चंचल सी लड़की जया पिता की मृत्यु से एक गंभीर ज़िम्मेदार लड़की में बदल जाती है, जो बिना विवाह किए अपनी माँ की देखभाल करते हुए अपना जीवन बिताना चाहती है|
अगले अध्याय में जया के विवाह के समय समाज के शक्तिशाली खोखले नियमों को वर्णन मिलता है| विवाह से पहले ही जया के ससुराल वालो के इरादों का पता चलने के बाद भी उसका विवाह वहीं होता है|
खैर कहानी के बारे में ज़्यादा न लिखते हुए अब चरित्रों पर आते है| कहानी की नायिका जया एक बहुत ही आम सी लड़की है जो बहुत उँचे सपने नहीं देखती, यथार्थ के धरातल पर रहकर समझौता करने और परिस्थिति को अनुकूल बनाने की वो भरपूर कोशिश करती है| जया के चरित्र को लेखिका ने अपनी कलम से कुछ यूँ बुना है कि उसके सुख दुख पाठक को अपने लगते है| अपने बच्चों के लिए ही जीवन जी रही जया के जीवन में एक एसा मुकाम भी आता है कि वो अपने बच्चों के साथ आत्महत्या का निर्णय ले लेती है|
जया के इस संघर्ष की ही यह कहानी है, जो बार बार आँखों को नम कर जाती है| पाठक की आँखो को भिगो देना ही एक लेखक की सबसे बड़ी सफलता है, और ये रश्मि दी ने बखूबी किया है|
एक और चरित्र जिसने हमें प्रभावित किया वो है जया की दूसरी बहन सीमा | यूँ बहुत छोटा सा रोल है उसका पर वो जया की तकलीफ़ को बिना बताए बस देख कर ही समझ जाती है
और जया के पति राजीव के चरित्र के बारे में तो हम सोचना या लिखना भी नहीं चाहते| वैसे ये भी लेखक की सफलता है की कोई पात्र इतना नापसंद लगे की उसके बारे में कुछ कहना भी नागवार लगे| कहानी इतनी अपनी आसपास की लगती है की लगता ही नहीं की कोई उपन्यास पढ़ रहे है, नायिका के साथ उसके सुख दुख में सुखी दुखी होते जब हम कहानी के सुखद अंत में पहुचते हैं तो यह अहसास भी सुखद लगता है की चलो अंधेरे के बाद रौशनी ने जया की ज़िंदगी में भी दस्तक दे ही दी|
इन लिंक्स पर यह उपन्यास उपलब्ध है
http://www.infibeam.com/Books/kanch-ke-shamiyane-rashmi-ravija/9789384419196.html

http://www.amazon.in/Kanch-Ke-Shamiyane-Rashmi-Ravija/dp/9384419192

शनिवार, 24 अक्टूबर 2015

शुक्रिया ब्लॉग पाठकों का जिनका बोया सपना अब पल्लवित हो चुका

बचपन में सबको कहानी  सुनने का शौक होता  है। फिर धीरे धीरे हम कहानियाँ पढ़ने लगते हैं। उसके बाद कहानी  लिखने की शुरुआत भी हो जाती है. मैंने भी कुछ जल्दी ही लिखना शुरू कर दिया था। 18  की थी तो दो लम्बी कहानियां ,लघु उपन्यास सी  ही लिखी थी। मोटा सा रिजस्टर पूरा भरा हुआ। फिर कुछ छोटी कहानियां भी लिखीं। पर कहीं भेजी नहीं ,जबकि आलेख वगैरह भेजा करती थी और वे प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में छपने भी लगे थे। पर कहानी भेजने में एक संकोच था , हमारी पीढ़ी को खुलकर प्रोत्साहित नहीं किया जाता था।  लिखना यानि पढ़ाई लिखाई की उपेक्षा, ऐसा समझा जाता था। इसलिए छुप छुपा कर लिखने का चलन था। जब गर्मी की दुपहरी में सब सो जाएँ तो गर्म हवा के थपेड़े खाते बरामदे में बैठ कर लिखना और तब बरामदे में भी पंखे कहाँ हुआ करते थे। या फिर देर रात तक जागकर लिखना।  पर दोस्तों ने कहानी  को हाथो हाथ लिया। पूरे कॉलेज में रजिस्टर इतना घूमा कि पन्ने फट जाते। तीन बार मैंने फेयर किया यानी दुबारा लिखा। अभी भी पीले भुरभुरे होते पन्ने वाली रजिस्टर मेरे पास पड़ी है. 

शादी के बाद मुंबई आ गई और तब हिंदी से दूरी काफी बढ़ गई। हिंदी की बड़ी पत्रिकाएं बंद हो गईं।  नई पत्रिकाएं यहाँ मिलती नहीं थी। कोई समान रूचि वाले फ्रेंड नहीं। गृहस्थी और बच्चो की देखरेख की जिम्मेवारी भी थी पर अगर हिंदी पत्र/पत्रिकाएं/ उपन्यास मिलते रहते तो पढ़ने के साथ लिखने का सिलसिला भी बना रहता। 

फिर आया  इंटरनेट युग और आई हिंदी में टाइपिंग की सुविधा। मुझे थोड़ी देर ही हो गयी , २००९  में मैंने बहुत हिचकते हुए ब्लॉग बनाया सिर्फ यह सोच कर कि अब तक का अपना लिखा पोस्ट कर दूंगी । पर दो रचनाएँ डालने के बाद ही ,नए नए विषय सूझते गए और लिखती गई। लघु उपन्यास पोस्ट करने की बारी बहुत दिनों बाद आई। 2010  में पहला लघु उपन्यास  पोस्ट किया। थोड़े बदलाव के साथ , उसे वर्षों पहले एक किशोरी ने लिखा था और अब वो दो किशोर बच्चों की माँ बन चुकी थी :)

यहाँ भी पाठकों ने बहुत पसंद किया और मेरी आँखों में एक सपना भी बोने  की कोशिश की कि यह प्रकाशित होनी चाहिए। पर मैंने बिलकुल ही गंभीरता से नहीं लिया। उन दिनों लिखने का जोश था। पाठक बड़े  प्यार से ,ध्यान से पढ़ते ,बड़ी सार्थक टिप्पणियाँ किया करते। और मैंने कई छोटी -लम्बी कहानियाँ ,और किस्तों में कुछ लघु उपन्यास भी लिखे। ब्लॉग पर ,आकाशवाणी से ,बिग एफ  .एम  पर लोग कहानियां पढ़ लेते, सुन लेते ,पसंद करते , कहानियों पर विश्लेष्णात्मक टिप्पणियाँ करते  और मैं पूरी तरह संतुष्ट हो जाती।  पत्रिकाओं में भेजने की सलाह भी मिलती।  एक बड़े विशिष्ट कवि ने मेरी कहानी की pdf फ़ाइल भी भी बना कर भेजी कि इसे अमुक पत्रिका में भेज दें। 
 मैंने सोचा , कहानी  को दुबारा-तिबारा पढ़ कर कुछ सुधार कर  भेजूंगी पर वो दिन कभी नहीं आया। यही मेरी सबसे बड़ी कमजोरी है। अपना लिखा दुबारा पढ़ना, एडिट करना मुझे बहुत भारी पड़ता है। 

जब जया वाली कहानी लिखी तो कई लोगों ने फोन करके मैसेज करके बार बार आग्रह किया कि ये पुस्तक के रूप में आनी चाहिए। सहेलियों ने तो नाराज़ होकर डांट भी  दिया। पर फिर वही मेरी कमजोरी ,इसे दुबारा-तिबारा पढ़ना है ,एडिट करके तब किसी प्रकाशक को भेजना है और इन सबमें मैंने लम्बाsss वक्त लिया। 

पर  अब उन सारे अवरोधों को पार कर मेरा पहला  उपन्यास 'कांच के शामियाने'  मेरे हाथों में है.

अपनी पहली कृति के कवर का स्पर्श , उसके पन्नों की ताज़ी खुशबू  ,इन सारे अहसासों को शब्द देना मुश्किल सा है. अब तक मेरी रचनाएँ मेरे दोस्तों ने ही पढ़ी हैं। ब्लॉग के नियमित पाठक भी दोस्त से ही बन गए थे।  उनके बीच अपनी रचना भेजने में कोई संकोच नहीं होता था था , मेरी लेखन शैली से परिचित थे। मेरे लिखे की   खुल कर तारीफ़ भी करते थे और कोई कमी नज़र आई तो उस तरफ बेहिचक इंगित भी कर देते थे। 

अब यह उपन्यास लोगों के समक्ष रखते कुछ ऐसी ही अनुभूति हो रही है ,जैसे अपने बच्चे को हॉस्टल भेजते वक़्त होती है। घर में बच्चे को आस-पड़ोस, दोस्त ,रिश्तेदार सब जानते हैं। उनके बीच बच्चा, बेख़ौफ़ विचरता है और उसकी माँ भी आश्वस्त रहती है.  पर हॉस्टल एक अनजान जगह होती है, जहाँ ,बच्चे को अपनी जगह आप बनानी होती है। अपनी चारित्रिक दृढ़ता  ,अपने सद्गुणों, का परिचय देकर लोगों को अपना बनाना  होता है। 

आशा है, इस उपन्यास में भी कुछ ऐसी विशेषतायें होंगी जो उसे अपनी छोटी सी पहचान बनाने में सफल बनाएंगी। 

निम्न लिंकों पर ये पुस्तक मंगवाई जा सकती 
Amazon : http://www.amazon.in/Kanch-Ke-Shamiyane-Rashmi-Ravija/dp/9384419192 (मात्र रु 98, घर मँगाने का कोई अतिरिक्त ख़र्च नहीं)

infibeam : http://www.infibeam.com/Books/kanch-ke-shamiyane-rashmi-ravija/9789384419196.html 




फिल्म The Wife और महिला लेखन पर बंदिश की कोशिशें

यह संयोग है कि मैंने कल फ़िल्म " The Wife " देखी और उसके बाद ही स्त्री दर्पण पर कार्यक्रम की रेकॉर्डिंग सुनी ,जिसमें सुधा अरोड़ा, मध...