जन्मदिन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
जन्मदिन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 7 मार्च 2010

ऐसी है, आज की नारी

जब से ब्लॉगजगत में शामिल हुई हूँ, अपनी सहेली द्वारा वर्णित इस घटना के विषय में लिखने की सोच रही थी. और आज महिला दिवस के अवसर पर इसका जिक्र सबसे उपयुक्त लगा.

पहले अपनी सहेली का संक्षिप्त परिचय दे दूँ. (परिचय क्यूँ जरूरी है,आपको आगे पता चल जायेगा) . अंग्रेजी में बी.ए.(ऑनर्स) करने के बाद वह, इकॉनोमिक टाईम्स, आइलैंड, सोसाईटी जैसी पत्रिकाओं से पत्रकार के तौर पर जुड़ी रही. शादी के बाद भी काम करती रही, पर बच्चों के जन्म के बाद नियमित पत्रकारिता, छोड़,फ्रीलांसिंग अपना ली.पहले भी वर्क असाईमेंट पर अकेली,सिंगापुर,मॉरिशस वगैरह जाती थी, पर तब हफ़्तों के लिए जाती थी,अब हैदराबाद,दिल्ली वगैरह,सुबह जाकर शाम को चली आती है,वजह वही बच्चों की देखभाल.

जब मैंने कहा, 'तुम्हारा नाम लिख दूँ,ना?' तो बोली.."रहने दो, नाम से ज्यादा कथ्य महत्वपूर्ण है." इस आलेख में उसे मुदिता नाम से संबोधित करती हूँ, क्यूंकि उसे यह नाम बहुत ज्यादा पसंद है. जब मैंने पूछा, "इतना पसंद है,तो अपनी बेटी का क्यूँ नहीं रखा?."..बोली,"पति को 'अनघा' नाम ज्यादा पसंद था".(वे पुरुष,जो समझते हैं, आधुनिक स्त्रियाँ सिर्फ अपने मन का चलाती है , वे आश्वस्त हो जाएँ कि यह बस उनका भ्रम है. अगर वे स्त्रियों को इज्जत देते हैं तो दुगुनी इज्ज़त,उनसे पायेंगे.)

मुदिता के पिता ,काफी बीमार थे और ICU में एडमिट थे. जिनके भी प्रियजन, ICU में हों,उनके एक परिवारजन को चौबीस घंटे उनकी निगरानी के लिए रहना होता है. मुम्बई में ज्यादातर ये जिम्मेवारी औरतें ही निभाती हैं. एक बड़े से हाल में कुछ पतली बेंचें और आराम कुर्सियां पड़ी होती हैं.पूरा समय उन्हें उसी पर गुजारना पड़ता है,रात में भी उसी पर सोना पड़ता है,अधिकतर रात में भी औरतें ही,वहाँ सोती हैं क्यूंकि पति को दिन में ऑफिस जाना होता है,और उन्हें रात में पुरसुकून नींद की जरूरत होती है. मुदिता भी रोज रात वहीँ सोती थी. एक रात वह सोने की कोशिश कर रही थी कि उसे कुछ आभास हुआ.मध्यम रोशनी में उसने देखा, कोने में रखी 'ईसा मसीह' की मूर्ति के पास एक नारी आकृति घुटनों पर झुकी प्रार्थना में लीन है. पर उसके कंधे बार बार काँप रहें थे जिससे पता चल रहा था कि वह निशब्द रो रही है.

मुदिता ,उठ कर उसके पास गयी और उसके कंधे पर हाथ रखा तो वह बेआवाज़ ही फफक पड़ी. मुदिता उसके पास ही फर्श पर बैठ गयी.पूछने पर पता चला,वह सिर्फ मराठी ही बोल पाती है.मुदिता, दक्षिण भारतीय है और उसकी संपर्क भाषा ,अंग्रेजी है.पर मुंबई में पले ,बढे होने के कारण उसने दसवीं तक 'मराठी' भाषा पढ़ी थी.जो आज काम आ गयी.

मुदिता के स्नेह पगे स्वर और आत्मीय स्पर्श ने उसे अपना दिल खोल कर रखने पर मजबूर कर दिया.उसने बताया कि वह 'कोली' जाति की है (यह मछुआरों की जाति होती है ).उसके पूर्वजों ने क्रिश्चन धर्म अपना लिया था जिससे उसे ग्लोरिया जैसा सुन्दर नाम मिल गया.ग्लोरिया ने प्रेम विवाह किया था.उसका पति मुहँ अँधेरे उठ कर मछली पकड़ने जाता और दिन में ग्लोरिया वही मछली बाज़ारों में बेचने जाती.उनके दिन आराम से कट रहें थे. जीसस ने उन्हें दो बेटों से नवाज़ा और दंपत्ति अब तीसरी संतान के आगमन की प्रतीक्षा कर रहें थे. तभी ग्लोरिया का पति मलेरिया से ग्रसित हुआ और ईश्वर ने उसे अपने पास बुला लिया.वह बेटी का मुहँ भी नहीं देख पाया.

तीन बच्चों के लालन पालन की जिम्मेवारी,ग्लोरिया पर आ पड़ी.अब उसे कोई मछली पकड़ कर लाकर देनेवाला भी नहीं था.लिहाज़ा उसने सूखी,मछली बेचना शुरू किया.(मुंबई में सूखी मछली, मछली का अचार, मछली की चटनी बहुत प्रचलित है,उसपर एक पोस्ट फिर कभी ) ग्लोरिया के बच्चे अब स्कूल जाने लगे. यहाँ कई अच्छे स्कूल हैं,जिनकी फीस ७,८ रुपये है.उन स्कूलों में 'जेनेरल मैनेजर', डॉक्टर, इंजीनियरों के बच्चों से लेकर ऑटोवाले,कामवालियों के बच्चे भी पढ़ते हैं. लेकिन फीस के अलावा भी बच्चों की सौ जरूरतें होती हैं. ग्लोरिया ने घरों में बर्तन मांजने का काम भी शुरू कर दिया. अब वह दिन में घरों में काम करती और शाम को एक घंटे का सफ़र तय कर शाम ६ बजे से ९ बजे तक बड़े बाज़ार में मछली बेचने जाती. घर लौटने में रात के दस बज जाते.

ऐसे ही संघर्ष करते दिन बीत रहें थे.इस बीच, उसका १४ वर्षीय बेटा बीमार पड़ गया. एक दिन रात दस बजे लौटी तो देखा,बेटा बेहोश पड़ा है. पास के डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने बड़े अस्पताल में ले जाने को कहा. इस अस्पताल में उसे 'मेनिन्जाईटिस' रोग बता कर ICU में भर्ती कर लिया गया. इस अस्पताल में गरीबों के लिए खर्च में ५०% की कटौती की सुविधा है.फिर भी ग्लोरिया को २५ हज़ार रुपये का इंतज़ाम करना था.बेटा ICU में और वह पैसे के लिए दर दर भटकने लगी. दो-तीन चर्च में जाकर गुहार लगाई. चर्च में गरीबों के लिए एक कोष होता है, जिससे उसे काफी मदद मिली. कुछ पैसे महाजनों से भी लेने पड़े.

इन सब चक्करों में वह तीन दिनों तक घर नहीं जा पायी. घर पर दो छोटे बच्चे थे. पास में रहने वाली बहन ने उनकी देख रेख की. बहन की स्थिति भी 'रोज कुआं खोदो और रोज पानी पियो' जैसी ही थी. वह इस से ज्यादा ग्लोरिया की कोई और मदद नहीं कर सकती थी. ग्लोरिया के दिन भी कभी दो बिस्किट ,कभी एक बड़ा पाव पर कट रहें थे.

बेटे की स्थिति अब कुछ संभल गयी थी.पर इन परेशानियों ने ग्लोरिया की आँखों से नींद जुदा कर दी थी. वह आँखें बंद करती और सर दर्द से कराहते बेटे का चेहरा सामने आ जाता और नींद खुल जाती. मुदिता ने उसे बहुत समझाया कि उसका समय पर खाना खाना,पूरी नींद लेना, अपना ख़याल रखना कितना जरूरी है.तभी वह अपने तीनों बच्चों का ख़याल रख पायेगी.उन्हें एक अच्छा भविष्य दे पाएगी.उसे समझा बुझा कर सोने भेजने में रात के ३ बज गए.

सुबह ग्लोरिया ने बताया कि अरसे बाद उसे इतनी अच्छी नींद आई है और वह बहुत हल्का महसूस कर रही है.अब मुदिता ने ग्लोरिया का अलग ही रूप देखा.वह बहुत ही चुलबुली और बातूनी थी.सबके पास जाकर बैठती,उनके हालचाल पूछती.किसी की भी मदद को झट तैयार हो जाती. एक रात, करीब एक बजे एक सत्तर वर्षीया वृद्धा आयीं,जिनकी बेटी को दमे का अटैक पड़ा था और उसे ICU में भर्ती कर लिया गया था. वृद्धा बहुत ही परेशान दिख रही थीं. ग्लोरिया ने जब पास जाकर पूछा,तब उन्होंने बताया कि उनके साथ कोई नहीं है और उनका बेटे से कोई कॉन्टैक्ट नहीं हो पा रहा है जो काफी दूर रहता है,जाने में करीब २ घंटे लगते हैं.ग्लोरिया ने सबको जगा दिया.सबलोग मदद के लिए आगे आ गए. पर उन वृद्धा की मोबाईल की बैटरी ख़त्म हो गयी थी और बेटे का नंबर उन्हें याद नहीं था.एक सज्जन आगे आए (महिला दिवस है,पर हम किसी पुरुष द्वारा किया गया,सत्कार्य भी क्यूँ ना याद करें) जिनके पिता खुद ICU में थे और सीरियस थे.उन सज्जन के पास अपनी गाड़ी भी नहीं थी.फिर भी रात के दो बजे वे उन माता जी को साथ ले ऑटो से उनके बेटे के घर की खोज में चल पड़े. घबराहट में वे बार बार कॉलोनी का नाम ,बिल्डिंग,लोकेशन सब भूल जातीं.पर उन सज्जन ने धैर्य बनाए रखा और दो तीन ऑटो बदल कर भी माता जी के बेटे का घर ढूंढ निकाला.

मुदिता के पिता और ग्लोरिया का बेटा स्वस्थ होकर घर लौट आए. दोनों ने मोबाईल नंबर एक्सचेंज किया और संपर्क बनाए रखा. संयोग से मुदिता और ग्लोरिया का जन्मदिन भी एक ही दिन है. जब मुदिता ने उसे विश करने को फोन किया तो बेटे ने फोन उठाया और बोला, "आज तुमचा पण बाढ़दिवस(जन्मदिन) आहे,ना? माँ सुबह बता रही थी कि आपको फोन करेगी . अभी तो काम पर गयी है."

तो ये हैं, आज की आधुनिक और सम्पूर्ण नारियाँ, जिनेक दम पर भारतीय संस्कृति फल-फूल रही है और ये उस पर एक खरोंच भी नहीं आने देंगी.एक, दिन भर घर घर में बर्तन मांजती है, शाम को मच्छी बेचती है पर चेहरे पर मुस्कान सजाये हमेशा सबकी सेवा को तत्पर रहती है. और दूसरी, फाइव स्टार में पार्टी अटेंड करती है, जींस-स्कर्ट पहनती है, अक्सर प्लेन से ही सफ़र करती है पर जरूरत पड़ने पर नंगे फर्श पर बैठ एक मछुआरिन के दुःख दर्द में शामिल होने से गुरेज़ नहीं करती.

(और यह सब उस शहर में घटित होता है ,जिसे संवेदनाविहीन कंक्रीट जंगल कहा जाता है )

फिल्म The Wife और महिला लेखन पर बंदिश की कोशिशें

यह संयोग है कि मैंने कल फ़िल्म " The Wife " देखी और उसके बाद ही स्त्री दर्पण पर कार्यक्रम की रेकॉर्डिंग सुनी ,जिसमें सुधा अरोड़ा, मध...